सिंगरौली। डिजिटल डेस्क
मध्यप्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र सिंगरौली जिले में टायर ब्लास्ट का दर्दनाक हादसा सामने आया है। बरगवां थाना क्षेत्र के बाड़ी झरिया इलाके में कोयले से लदे ट्रेलर का पंचर टायर बदलते समय अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।
टायर खोलते समय अचानक हुआ जोरदार ब्लास्ट
जानकारी के मुताबिक, बरगवां थाना क्षेत्र के बाड़ी झरिया इलाके में देर रात कोयले से लदा एक ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा था। ट्रेलर का टायर पंचर होने के बाद चालक अनिल साहू निवासी पचौर टायर को खोलने का प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान अचानक टायर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के समय ट्रेलर के पास मौजूद दो अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
धमाके के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
टायर फटने के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद आसपास धुआं फैल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे के बाद मौके की स्थिति दिखाई दे रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बैढ़न भेजा गया। यहां दोनों घायलों का उपचार जारी है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच भी शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि टायर में अत्यधिक हवा का दबाव हादसे की वजह हो सकता है। हालांकि, टायर ब्लास्ट के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इसके साथ ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। टायर की स्थिति और ट्रेलर से जुड़े तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा सकती है।
फिलहाल हादसे में चालक अनिल साहू की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।