उज्जैन में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म: हिरासत से भागने की कोशिश में आरोपी पर एक और केस

उज्जैन। डिजिटल डेस्क

उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में 9 साल की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को घटनास्थल पर कार्रवाई के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

9 सितंबर को हुई थी घटना

पुलिस के अनुसार, उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के तिलकेश्वर इलाके में 9 सितंबर को 9 साल की नाबालिग बच्ची को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर सुलभ कॉम्प्लेक्स ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।

बच्ची के परिवार ने 10 सितंबर को जीवाजीगंज थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।

आरोपी को हिरासत में लेने के बाद भागने की कोशिश

पुलिस ने जांसापुरा तलाई निवासी अकबर उर्फ भय्या पिता असलम हेला (35) को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को घटनास्थल पर कार्रवाई के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए आरोपी को तुरंत पकड़ लिया और दोबारा हिरासत में ले लिया।

हिरासत से भागने के प्रयास पर अलग केस

पुलिस के अनुसार, हिरासत से भागने की कोशिश के मामले में आरोपी के खिलाफ जीवाजीगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।

दुष्कर्म के मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m), 65(2), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल)/6 के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *