पन्ना। डिजिटल डेस्क
जिले के गुनौर विकासखंड की शासकीय प्राथमिक शाला नचनौरा में शिक्षकों के स्कूल परिसर में ताश खेलने का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रभारी प्रधानाध्यापक मनीराम द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वीडियो वायरल होने के बाद मांगा गया था स्पष्टीकरण
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्कूल परिसर में कुछ शिक्षक ताश खेलते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में प्रभारी प्रधानाध्यापक मनीराम द्विवेदी भी ताश खेलते नजर आए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 3 सितंबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। विभाग के मुताबिक प्राप्त जवाब का उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर परीक्षण किया गया, लेकिन उसे संतोषजनक नहीं पाया गया।
छुट्टी के बावजूद शिक्षकों को करना था काम
विभागीय आदेश में कहा गया है कि घटना के समय स्कूल में विद्यार्थियों का अवकाश था, लेकिन शिक्षकों को छात्रवृत्ति संबंधी कार्य, अभिलेख संधारण, विद्यार्थियों की मैपिंग, आवश्यक फीडिंग और अपार आईडी से जुड़े काम पूरे करने थे। इन कार्यों में भी अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने की बात आदेश में कही गई है।
विभाग ने स्कूल परिसर में ताश खेलने के कृत्य को शासकीय सेवक की गरिमा, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के विपरीत मानते हुए प्रथम दृष्टया कदाचरण की श्रेणी में माना है।
तत्काल प्रभाव से निलंबित
10 सितंबर 2026 को जारी आदेश के तहत मनीराम द्विवेदी को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, गुनौर रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। आदेश का अनुमोदन जिला पंचायत पन्ना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी द्वारा किया गया है।