खेत में रोटावेटर की चपेट में आया किसान, मौके पर दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश के मैहर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। खेत में ट्रैक्टर से रोटावेटर चलाते समय एक किसान मशीन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

खेत में चल रहा था मिट्टी समतल करने का काम

जानकारी के अनुसार, अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र के मुकुंदपुर चौकी अंतर्गत ग्राम खजुरी सुखनंदन निवासी हीरालाल केवट (35) रविवार सुबह अपने खेत में ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाकर मिट्टी समतल करने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह मशीन की चपेट में आ गए।

मौके पर ही हो गई मौत

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हादसा इतना गंभीर था कि किसान का एक हाथ शरीर से अलग हो गया और सीने में भी गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद खेत में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मुकुंदपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

खेती के दौरान बरतें सावधानी

विशेषज्ञों का कहना है कि रोटावेटर, थ्रेसर और अन्य कृषि मशीनों के संचालन के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। मशीन चालू होने पर उसके पास जाने से बचना चाहिए और सुरक्षा मानकों का पालन करना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *