आसान शर्तों पर 25 लाख रुपये का लोन दिलाने का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने मैहर जिले के एक युवक से 78 हजार रुपये ठग लिए। जब बार-बार पैसे मांगने का सिलसिला नहीं रुका तो पीड़ित को शक हुआ और उसने पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस के अनुसार अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम बर्रेह-बड़ा निवासी सुशील चौधरी के पास 22 जुलाई को एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक फाइनेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए व्यवसाय के लिए 25 लाख रुपये का लोन मंजूर कराने का दावा किया। आसान प्रक्रिया और जल्द लोन मिलने का भरोसा देकर आरोपी ने पहले आरबीआई चार्ज, फिर प्रोसेसिंग फीस और दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पीड़ित से कुल 78 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
वीडियो कॉल में दिखाया बैंक जैसा माहौल
जब कई दिन तक लोन की राशि खाते में नहीं पहुंची तो सुशील ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया। इस पर जालसाज ने वीडियो कॉल कर बैंक जैसा माहौल दिखाया और दावा किया कि लोन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस झांसे में आकर पीड़ित ने ठग के कहने पर लगातार पैसे भेजना जारी रखा।
18500 रुपए और मांगे तो हुआ शक
78 हजार रुपये जमा कराने के बाद भी लोन नहीं मिला। इसके बाद ठग ने लोन जारी करने से पहले 18,500 रुपये और जमा कराने की मांग की। यहीं से सुशील को पूरे मामले पर संदेह हुआ। वह अमरपाटन थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे साइबर फ्रॉड का मामला बताया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत के साथ बैंक खाते की जानकारी, यूपीआई ट्रांजेक्शन आईडी और आरोपियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए हैं। पुलिस इन जानकारियों के आधार पर साइबर ठगों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
लोन ऑफर पर रखें विशेष सावधानी
पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाले लोन ऑफर पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। प्रोसेसिंग फीस या अन्य शुल्क के नाम पर अग्रिम भुगतान करने से पहले संबंधित कंपनी की वैधता अवश्य जांच लें।