रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय के न्यूरोसर्जरी विभाग ने एक जटिल ऑपरेशन कर 26 वर्षीय युवक के मस्तिष्क में फंसी गोली सफलतापूर्वक निकालकर उसकी जान बचा ली। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है। रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में 26 वर्षीय संदीप कुमार गुप्ता को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गोली उसके मस्तिष्क के ऑक्सिपिटल (Occipital) क्षेत्र में फंसी हुई है। मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया।
जटिल न्यूरोसर्जरी से निकाली गई गोली
बुधवार को न्यूरोसर्जरी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सोनपाल जिंदल के नेतृत्व में राइट ऑक्सिपिटल क्रैनियोटॉमी (Right Occipital Craniotomy) की गई। लंबे और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने सावधानीपूर्वक मस्तिष्क से गोली बाहर निकाल ली। सफल सर्जरी के बाद मरीज पूरी तरह सचेत है और उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
डॉक्टरों और नर्सिंग टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस जटिल ऑपरेशन में डॉ. निहाल पाटिल, डॉ. गौरव चौहान, डॉ. अपूर्वी बनर्जी और डॉ. शुभम पाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. निवेदिका, डॉ. इंदु, डॉ. अंजलि और डॉ. बियांस ने ऑपरेशन को सफल बनाने में सहयोग दिया। वहीं नर्सिंग ऑफिसर निशा का भी विशेष योगदान रहा।
अस्पताल प्रशासन ने दी टीम को बधाई
सफल ऑपरेशन के बाद अस्पताल प्रशासन ने पूरी न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया और नर्सिंग टीम को बधाई देते हुए इसे संस्थान की बड़ी उपलब्धि बताया।