अफसर नहीं पहुंचे तो SDM कोर्ट में बिस्तर बिछाकर लेट गए नेताजी

बिरसिंहपुर तहसील में हाई-वोल्टेज ड्रामा; वीडियो वायरल

सतना जिले के बिरसिंहपुर तहसील कार्यालय में गुरुवार को उस समय अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जब अधिकारियों के समय पर नहीं पहुंचने के विरोध में कांग्रेस नेता ने सीधे एसडीएम कोर्ट के भीतर बिस्तर बिछाकर धरना दे दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

SDM कोर्ट में कांग्रेस नेता के प्रदर्शन का वायरल वीडियो

गुरुवार को बिरसिंहपुर तहसील कार्यालय में मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह की लिंक कोर्ट प्रस्तावित थी। आरोप है कि दोपहर करीब एक बजे तक एसडीएम न्यायालय नहीं पहुंचे और न्यायिक कार्यवाही शुरू नहीं हो सकी।

इससे नाराज कांग्रेस नेता संतोष तिवारी ने पहले तहसीलदार की टेबल पर लेटकर विरोध जताया। इसके बाद उन्होंने एसडीएम कोर्ट के भीतर बिस्तर बिछाकर धरने की मुद्रा में प्रदर्शन किया। कुछ देर तक तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

कांग्रेस नेता ने लगाए ये आरोप

संतोष तिवारी का कहना है कि दूर-दराज के गांवों से आने वाले फरियादी घंटों तक अधिकारियों का इंतजार करते रहते हैं। इससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों के समय पर न्यायालय नहीं पहुंचने से आम लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और प्रशासन को इस व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।

वीडियो वायरल, उठे सवाल

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने प्रदर्शन खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस नेता अपनी मांग पर अड़े रहे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की समयपालन व्यवस्था को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

SDM ने दिया अपना पक्ष

मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह 11:30 बजे से जिला मुख्यालय में रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक आयोजित थी, जिसमें उनकी उपस्थिति आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि तहसील कार्यालय में अन्य कर्मचारी मौजूद थे और संबंधित व्यक्ति द्वारा न्यायालय की गरिमा भंग की गई है।

एसडीएम ने बताया कि इस मामले में तहसीलदार द्वारा कांग्रेस नेता संतोष तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे न्यायालय परिसर में किए गए प्रदर्शन को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अब प्रशासन उनके जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *