रीवा के समान फ्लाईओवर पर एक श्रमिक ने आत्महत्या का प्रयास किया। फंदा खुलने से वह सड़क पर गिर पड़ा और घायल हो गया। घायल का इलाज संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में चल रहा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल में किया गया भर्ती
रीवा शहर के समान फ्लाईओवर पर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक जैसे ही फंदे पर झूला, अचानक फंदा खुल गया और वह सीधे नीचे सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल युवक की पहचान मनसुखलाल साकेत के रूप में हुई है। उसे तत्काल संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय (SGMH) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने क्या बताया
समान थाना पुलिस के अनुसार घायल युवक मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला है और मजदूरी का काम करता है। फिलहाल उसकी हालत को देखते हुए विस्तृत बयान नहीं लिया जा सका है। पुलिस का कहना है कि युवक के स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी।
पत्नी से विवाद के बाद उठाया कदम
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की पत्नी रीवा शहर में रहकर मजदूरी करती है, जबकि युवक मुंबई में काम करता था। पत्नी के अनुसार वह बुधवार को मुंबई से रीवा पहुंचा था। पत्नी का आरोप है कि घर आने के बाद पति ने विवाद करना शुरू कर दिया। गुरुवार को उसने बैंक से तीन हजार रुपये निकाले, शराब पी और फिर फ्लाईओवर पर पहुंचकर आत्महत्या की कोशिश की। पत्नी का कहना है कि पति को उसका अन्य लोगों से सामान्य बातचीत करना भी पसंद नहीं था, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि फिलहाल घायल का उपचार प्राथमिकता है। उसके बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जाएगी। घटना के कारण कुछ समय के लिए फ्लाईओवर क्षेत्र में लोगों की भीड़ भी जुट गई थी।