सतना। लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) से बनारस जा रही कामायनी एक्सप्रेस (11071) में सफर कर रहे एक यात्री की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। ट्रेन के सतना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंचते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने शव को ट्रेन से उतारकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया।
मृतक की पहचान रंजन यादव के रूप में हुई
जीआरपी के अनुसार मृतक की पहचान रंजन यादव के रूप में हुई है। वह बुधवार को मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से कामायनी एक्सप्रेस की एस-8 कोच में बर्थ नंबर-12 पर सवार होकर बनारस जा रहे थे। गुरुवार दोपहर कटनी और मैहर रेलवे स्टेशन के बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहयात्रियों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
सहयात्रियों ने दी सूचना, परिजनों को किया गया सूचित
घटना की जानकारी सहयात्रियों ने जीआरपी को दी। इसी दौरान मृतक के मोबाइल पर उनके भाई का फोन आया, जिसे एक सहयात्री ने रिसीव कर पूरी घटना की जानकारी दी। जीआरपी ने भी बनारस में रहने वाले परिजनों को सूचना दे दी है।
परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
पुलिस के अनुसार परिजनों के सतना पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किस वजह से हुई।