छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा शहर में कोचिंग सेंटर की आड़ में संचालित किए जा रहे जुआफड़ का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कुंडीपुरा थाना पुलिस ने शनिवार शाम नई आबादी क्षेत्र स्थित एक मकान पर दबिश देकर 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान मौके से ₹1.33 लाख से अधिक की नकदी, 17 मोबाइल फोन, 2 कार और 6 बाइक जब्त की गई। पुलिस ने जुआफड़ संचालक और मकान मालिक को भी आरोपी बनाया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारी रेड
कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि नई आबादी क्षेत्र के एक मकान में अवैध रूप से जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शनिवार शाम दबिश दी।
सामने कोचिंग, बगल के कमरे में चल रहा था जुआ
पुलिस जांच में सामने आया कि मकान के सामने वाले कमरे में कोचिंग सेंटर संचालित किया जाता था, जबकि उससे लगे कमरे में जुआफड़ चल रहा था। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर 14 लोगों को पकड़ लिया।
नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से ₹1,33,120 नकद, 17 मोबाइल फोन, 2 कार और 6 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
संचालक और मकान मालिक भी बने आरोपी
पुलिस ने जुआफड़ के कथित संचालक मुन्ना कुकरेजा और मकान मालिक बंटी मैद को भी मामले में आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार दोनों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि जुआफड़ कब से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं। मामले की जांच जारी है।