सतना। सतना कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पुलिस के सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर कई प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब फोटो और वीडियो फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान सरकारी वाहनों में हुई थी तोड़फोड़
शुक्रवार को एनएसयूआई और युवा कांग्रेस की ओर से NEET पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज के विरोध में कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया था। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस के सरकारी वाहनों पर चढ़ गए और उनमें तोड़फोड़ की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े फोटो और वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इन लोगों पर दर्ज हुआ मामला
प्रारंभिक जांच के बाद अनश खान, रूपेश गुप्ता, किस्सू कुशवाहा और कुसाग्र खरे समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
गिरफ्तारी के लिए कई टीमें सक्रिय
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।