छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में महिन्द्रा एंड महिन्द्रा (Mahindra & Mahindra) कंपनी के नाम पर कथित तौर पर नकली ऑटो पार्ट्स बेचने का बड़ा मामला सामने आया है। कंपनी की जांच टीम ने कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए शहर की चार ऑटो पार्ट्स दुकानों पर छापेमारी की। करीब पांच घंटे चली कार्रवाई में महिन्द्रा ब्रांड की पैकिंग में रखे गए संदिग्ध नकली पार्ट्स जब्त किए गए। पुलिस ने चार दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
शिकायत के बाद दिल्ली से पहुंची जांच टीम
महिन्द्रा कंपनी के जांच अधिकारी मुजीब अली ने बताया कि कंपनी को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि छिंदवाड़ा में ग्राहकों को असली महिन्द्रा पार्ट्स के नाम पर डुप्लीकेट सामान बेचा जा रहा है। शिकायतों का सत्यापन करने के बाद कंपनी की टीम दिल्ली से छिंदवाड़ा पहुंची और कोतवाली पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की।
चार दुकानों पर एक साथ हुई छापेमारी
जांच टीम ने बैल बाजार स्थित भसीन मोटर्स, कार हॉस्पिटल, शिव खुराना मोटर्स और जैन ऑटो रिबोरिंग पर एक साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान महिन्द्रा ब्रांड की पैकिंग में रखे गए संदिग्ध नकली ऑटो पार्ट्स बरामद किए गए।
पहले ग्राहक बनकर खरीदे पार्ट्स, फिर हुआ खुलासा
जांच अधिकारी के अनुसार, कंपनी ने कार्रवाई से पहले अपने कर्मचारियों को ग्राहक बनाकर इन दुकानों से पार्ट्स खरीदने भेजा था। जांच में पाया गया कि कर्मचारियों को भी कथित तौर पर नकली पार्ट्स असली बताकर बेचे गए। इसके बाद कंपनी ने पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
चार कारोबारियों पर कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला
कोतवाली पुलिस ने कंपनी की शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रमोद भसीन, फरान फारूकी, अर्जुन मदान और पंकज माटा के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और 65 के तहत मामला दर्ज किया है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित नकली ऑटो पार्ट्स की सप्लाई कहां से हो रही थी, इसका नेटवर्क किन-किन शहरों तक फैला है और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।