छिंदवाड़ा। जिले के जुन्नारदेव विकासखंड के ग्राम पंचायत करणपिपरिया के मुआरी गांव में सोमवार सुबह अवैध शराब तस्करी के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों और महिलाओं ने लाठियां लेकर कथित शराब तस्करों की बुलेरो को घेर लिया।
ग्रामीणों को आक्रोशित देख वाहन में सवार तस्कर मौके से भाग निकले। इसके बाद महिलाओं ने बुलेरो में रखी शराब की बोतलें बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दीं और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीण बोले- शराब से बिगड़ रहा गांव का माहौल

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि गांव में अवैध शराब की बिक्री लगातार बढ़ रही है, जिससे युवा और बच्चे नशे की चपेट में आ रहे हैं। महिलाओं ने पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों से अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि गांव में दोबारा अवैध शराब की बिक्री हुई तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस और आबकारी विभाग मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। हालांकि खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी पक्ष के खिलाफ कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया था।
आबकारी विभाग ने दिए कार्रवाई के निर्देश
सहायक आयुक्त आबकारी बीआर वैद्य ने बताया कि उन्हें घटना के वीडियो और फोटो मिले हैं। उन्होंने संबंधित टीम को पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अवैध शराब तस्करी और अवैध ठिकानों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।