रीवा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं त्योंथर के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। वे कंधे पर बछड़ा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां साधु-संत, गोसेवक और गोशाला संचालक भी उनके साथ मौजूद रहे।
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
पूर्व विधायक ने कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सनातन परंपरा में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है, लेकिन वर्तमान समय में गोवंश अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए उसे राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिया जाना चाहिए। इस दौरान डॉ. रोहित तिवारी सहित कई गोसेवक भी मौजूद रहे। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने बताया कि ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है और मांगपत्र को शासन तक भेजा जाएगा।