लीला साहू का सड़क मुद्दा फिर सुर्खियों में, चुरहट विधायक से लगाई सड़क बनवाने की गुहार

सीधी। डिजिटल डेस्क

सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर लीला साहू के गांव की सड़क का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। लीला साहू ने पत्र और वीडियो के माध्यम से चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल से सड़क निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

एक साल पहले पीएम और सीएम से लगाई थी गुहार

लीला साहू ने करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने गांव तक सड़क बनवाने की मांग की थी। इसके बाद यह मामला प्रदेश स्तर पर चर्चा में आया था।

उस समय सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल ने सड़क का निरीक्षण किया था। सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए जल्द काम शुरू कराने की बात कही गई थी। बारिश के दौरान चुरहट विधायक ने अपने स्तर से सड़क पर मरम्मत कार्य भी कराया था।

10.50 किमी सड़क, दो विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ा मार्ग

लीला साहू के अनुसार ग्राम पंचायत गजरी से खड्डी वाया बगैहा टोला तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 10.50 किलोमीटर का यह मार्ग उनके गांव तक पहुंचने का मुख्य रास्ता है। बारिश के दौरान इसकी स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो जाता है।

उनका कहना है कि यह सड़क धौहनी और चुरहट विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ती है। धौहनी विधानसभा क्षेत्र की ओर से सड़क निर्माण का काम शुरू होने की जानकारी है, जबकि चुरहट विधानसभा क्षेत्र की ओर सड़क की स्वीकृति अब तक नहीं होने की बात लीला साहू ने कही है।

फिर उठी सड़क निर्माण की मांग

लीला साहू ने विधायक को भेजे पत्र में सड़क की मौजूदा स्थिति से अवगत कराते हुए जल्द निर्माण की मांग की है। अब देखना होगा कि लंबे समय से उठ रहे इस मुद्दे पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से आगे क्या कदम उठाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *