खाट को बनाया देशी एंबुलेंस, सड़क नहीं होने से मरीज को पैदल ले गए परिजन

सीधी। डिजिटल डेस्क

जिला मुख्यालय से सटे कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत छुहिया में सड़क सुविधा का अभाव ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। शुक्रवार को एक बीमार बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिजनों को खाट का सहारा लेना पड़ा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

एंबुलेंस नहीं पहुंची तो खाट बनी सहारा

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गांव निवासी रामपति शाह की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि उनके शरीर में तेज दर्द था और शरीर का एक हिस्सा काम नहीं कर रहा था। परिजनों ने एंबुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी।

इसके बाद परिजन और ग्रामीण मरीज को खाट पर लिटाकर पैदल सड़क मार्ग तक ले गए। वहां से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

35 से ज्यादा घर, फिर भी सड़क का इंतजार

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के साथ गांव की निवासी पूजा शाह ने सड़क की समस्या को उठाया है। उनके मुताबिक गांव में करीब 35 से 38 घर हैं और बड़ी संख्या में लोग रहते हैं, लेकिन आज तक गांव तक पक्की सड़क नहीं बन सकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी समय-समय पर गांव पहुंचकर सड़क बनवाने का आश्वासन देते हैं, लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस काम नहीं हुआ।

ग्रामीणों के मुताबिक सड़क के अभाव में सबसे ज्यादा परेशानी बीमार लोगों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में होती है। शुक्रवार की घटना ने एक बार फिर गांव की सड़क समस्या को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *