मैहर में वन विभाग का स्टिंग ऑपरेशन, संदिग्ध वन्यजीव अवशेष बरामद; चार लोग हिरासत में

सतना। मैहर वन परिक्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार और उनके अवयवों की कथित तस्करी से जुड़े मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना के आधार पर वन विभाग ने गोपनीय स्टिंग ऑपरेशन चलाकर खानाबदोश डेरों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध वन्यजीव अवशेष बरामद किए गए हैं। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि वन विभाग का कहना है कि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि बरामद अवशेष वन्यजीवों के ही हैं।

मुखबिर की सूचना पर रची गई स्टिंग ऑपरेशन की योजना

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, मैहर रेंज के रेंजर शुभम खरे को सूचना मिली थी कि कुछ खानाबदोश डेरों में वन्यजीवों के अवयवों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना मिलने के बाद डीएफओ विद्याभूषण मिश्रा के निर्देश पर वन विभाग ने गोपनीय स्टिंग ऑपरेशन की योजना बनाई।

ग्राहक बनकर पहुंचे कर्मचारी, फिर दी दबिश

सूत्रों के मुताबिक, वन विभाग के कुछ कर्मचारियों को ग्राहक बनाकर संदिग्ध डेरों में भेजा गया। प्रारंभिक पुष्टि होने के बाद वन अमले ने टीम के साथ मौके पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान संदिग्ध वन्यजीव अवशेष बरामद किए गए, जिन्हें विधिवत जब्त कर लिया गया।

फोरेंसिक जांच से होगा बड़ा खुलासा

वन विभाग ने बरामद अवशेषों को उनकी प्रजाति और वास्तविक पहचान की पुष्टि के लिए फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चार लोगों से पूछताछ जारी

कार्रवाई के दौरान चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कथित अवैध कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *