कलेक्टर ने पूछा- क्या बनोगे? छात्र बोला- विराट कोहली… पढ़ाई के सवालों पर फेल हो गई पूरी क्लास

मैहर। डिजिटल डेस्क

मैहर जिले के गोरसरी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने अधिकारियों की तरह औपचारिक निरीक्षण करने के बजाय कक्षा 9वीं और 10वीं के करीब 60 विद्यार्थियों की खुद क्लास ली। कलेक्टर के सवालों पर एक भी विद्यार्थी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उन्होंने शिक्षकों को भी तलब कर लिया।

खाद और उर्वरक में अंतर भी नहीं बता पाए बच्चे

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 9वीं और 10वीं के करीब 60 विद्यार्थियों से पढ़ाई से जुड़े सवाल किए। उन्होंने विद्यार्थियों से खाद और उर्वरक में अंतर, संविधान तथा बायोलॉजिकल सेल से संबंधित प्रश्न पूछे।

बताया गया कि सवालों के जवाब देने में विद्यार्थियों को काफी परेशानी हुई और कोई भी छात्र संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। इससे विद्यालय में पढ़ाई के स्तर को लेकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।

कलेक्टर क्या काम करती हैं, इस सवाल पर भी अटके बच्चे

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से यह भी पूछा कि कलेक्टर कैसे बनते हैं और कलेक्टर के क्या-क्या काम होते हैं। इस पर एक छात्रा ने जवाब दिया कि कलेक्टर स्कूल का निरीक्षण करती हैं और व्यवस्थाएं संभालती हैं।

जब कलेक्टर ने कलेक्टर के अन्य कार्यों के बारे में पूछा तो विद्यार्थी जवाब नहीं दे सके। इसके बाद कलेक्टर ने प्राचार्य से विद्यालय के सभी शिक्षकों को बुलाने के निर्देश दिए और शिक्षकों से भी विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को लेकर जवाब-तलब किया।

छात्र बोला- विराट कोहली बनना है

कक्षा के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से यह भी पूछा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वे क्या बनना चाहते हैं। इस पर एक छात्र ने विराट कोहली बनने की इच्छा जताई।

कलेक्टर ने छात्र से भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के नाम पूछे, जिसका उसने जवाब दिया। इसके बाद कलेक्टर ने विद्यार्थियों को समझाया कि जिस तरह वे क्रिकेट में रुचि लेते हैं और खिलाड़ियों के बारे में जानकारी रखते हैं, उसी तरह पढ़ाई में भी रुचि और मेहनत दिखानी चाहिए।

प्राचार्य और अतिथि शिक्षक को कारण बताओ नोटिस

विद्यालय में शैक्षणिक स्तर और पदीय दायित्वों में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताई। इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और राजनीति शास्त्र के अतिथि शिक्षक रामप्रकाश तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

कलेक्टर ने संबंधित जिम्मेदारों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

उचित मूल्य दुकान और आंगनवाड़ी का भी निरीक्षण

कलेक्टर ने विद्यालय के निरीक्षण के साथ ही क्षेत्र की उचित मूल्य दुकान और आंगनवाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी और समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *