कार-बाइक की भिड़ंत के बाद सड़क पर संग्राम, आधे घंटे तक दोनों पक्षों में मारपीट; जाम में फंसा ट्रैफिक

सतना। डिजिटल डेस्क

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में बिरला रोड पर कार और बाइक की भिड़ंत के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष बीच सड़क पर एक-दूसरे से मारपीट करने लगे। इस दौरान वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

टक्कर के बाद कार रोककर शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9 बजे बिरला रोड पर सिंधी कैंप प्रवेश द्वार के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार 4-5 युवक बढ़इया टोला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने कथित तौर पर एक बाइक को टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद कार चालक मौके से आगे निकलने लगा। बाइक सवार युवकों ने कार का पीछा कर उसे रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बाइक सवारों ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी और कार सवारों के साथ मारपीट करने लगे।

दोनों पक्ष आमने-सामने, सड़क पर लगा जाम

विवाद बढ़ने के कुछ देर बाद कार सवारों की तरफ से भी कई लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने बाइक सवार युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों पक्षों के बीच करीब आधे घंटे तक सड़क पर ही झड़प होती रही।

मारपीट और हंगामे के कारण बिरला रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।

वीडियो बनाते रहे लोग

घटना के दौरान सड़क पर मौजूद कई लोग मारपीट का वीडियो बनाते नजर आए। आरोप है कि लोगों ने न तो पुलिस को तत्काल सूचना दी और न ही विवाद शांत कराने के लिए आगे आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोलगवां थाना घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर होने के बावजूद मारपीट के दौरान पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आई। बाद में बाइक सवार युवक कमजोर पड़ने पर वहां से निकल गए, जबकि कार सवार भी मौके से आगे बढ़ गए।

थाने में शिकायत नहीं

जानकारी के मुताबिक, घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोलगवां थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर सकती है और घटना के वीडियो के आधार पर भी जानकारी जुटाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *