उज्जैन में सावन की शुरुआत 30 जुलाई से हो रही है। इस दौरान भगवान महाकाल की सवारी में हर सोमवार लाखों श्रद्धालु शहर पहुंचते हैं। बढ़ती भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल संचालन में बदलाव का निर्णय लिया है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार 3 अगस्त से 31 अगस्त तक उज्जैन नगर निगम क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सोमवार को अवकाश रहेगा। वहीं पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सोमवार से पहले वाले रविवार को नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
31 अगस्त तक सोमवार को रहेगा अवकाश
जिला प्रशासन के मुताबिक यह व्यवस्था केवल उज्जैन शहर के सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगी। सावन के सभी सोमवार स्कूल बंद रहेंगे, जबकि रविवार को नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित होंगी। इसके अलावा 7 सितंबर को निकलने वाली बाबा महाकाल की राजसी (शाही) सवारी के अवसर पर हर वर्ष की तरह पूरे जिले में अवकाश रहेगा। ऐसे में उस सप्ताह रविवार और सोमवार दोनों दिन स्कूल बंद रहेंगे।
कलेक्टर बोले- जल्द जारी होगा आधिकारिक आदेश
उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि सावन माह में महाकाल की सवारी के दौरान स्कूल संचालन की व्यवस्था हर वर्ष की तरह लागू रहेगी। इस संबंध में प्रशासन जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी करेगा।
क्यों लिया गया यह फैसला
प्रशासन के अनुसार सावन के सोमवार को महाकाल की सवारी में लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है। कई बार स्कूल बसें भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी कारण सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्कूलों का साप्ताहिक शेड्यूल बदला जा रहा है।
इन मार्गों से निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी
भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी शाम 4 बजे मंदिर के सभा मंडप में पूजन-अर्चना के बाद शुरू होगी। इसके बाद सवारी गुदरी चौराहा, कहारवाड़ी, रामघाट, रामानुजकोट, पाटनी बाजार, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, गुदरी बाजार सहित तय मार्गों से होकर पुनः श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी।