मंडला में 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप; पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

मंडला के कोतवाली थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। जहां पति इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

मंडला के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इलाही चौक निवासी शिवानी विश्वकर्मा (27) की शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पति का दावा- बीमारी और मानसिक तनाव से उठाया आत्मघाती कदम

मृतका के पति नीलेश विश्वकर्मा का कहना है कि उनकी पत्नी पिछले कुछ समय से बीमार थी। उसका इलाज जबलपुर और नागपुर में कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने एंजायटी और माइग्रेन की समस्या बताई थी।

पति के अनुसार, शनिवार को वह बेटे के स्कूल में आयोजित पैरेंट्स-टीचर मीटिंग में गए थे। घर लौटने पर पत्नी कमरे में फंदे पर लटकी मिली। उन्होंने तत्काल रस्सी काटकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

दूसरी ओर, पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद मृतका के मायके पक्ष ने घटना पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मृतका की बहन ने कहा कि यदि शिवानी का एक हाथ ठीक से काम नहीं करता था, तो वह खुद फंदा कैसे लगा सकती थी। परिजनों ने इलाज और बीमारी संबंधी दावों पर भी संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है।

मृतका की मां का कहना है कि उनकी बेटी शिक्षित थी और उसका तीन साल का बेटा है। ऐसे में वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस बोली- सभी पहलुओं की होगी जांच

पुलिस ने बताया कि मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *