पति के दोस्त ने भरोसे का उठाया फायदा, महिला से दुष्कर्म का आरोप; गिरफ्तारी के बाद भेजा गया जेल

सतना में एक विवाहित महिला के साथ कथित दुष्कर्म, धमकी और आभूषण-नकदी हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पति की गैरमौजूदगी में घर आने-जाने लगा आरोपी

कोलगवां थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पति काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते थे। इसी दौरान उनका परिचित धीरेन्द्र उर्फ धीरू पांडेय महिला के घर हालचाल पूछने के बहाने आने-जाने लगा। महिला का आरोप है कि इसी विश्वास का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर किया गया।

सागर और इंदौर ले जाकर शोषण करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर ट्रांसपोर्ट नगर बुलाया। वहां से वह उसे पहले सागर और फिर इंदौर ले गया, जहां अलग-अलग होटलों में उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके आभूषण अपने पास रख लिए और जरूरत का हवाला देकर ₹50 हजार भी ले लिए।

परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी

महिला के घर से अचानक लापता होने पर परिजनों ने कोलगवां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को मामले की जानकारी मिली। पुलिस का कहना है कि महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे वापस सतना लेकर आया और मारपीट व धमकी देकर उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक के नाम झूठा आवेदन भी दिलवाया।

जांच में सामने आए आरोप, आरोपी गिरफ्तार

मामले की जांच और महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम), 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया। रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *