सतना/कटनी। डिजिटल डेस्क
कटनी वन मंडल के वन परिक्षेत्र रीठी के बीट देवरी में तालाब किनारे मृत मिले तेंदुए की मौत के मामले में शिकार की आशंका सामने आई है। वन विभाग की जांच में घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर क्लच वायर का फंदा और तेंदुए के बाल मिलने के बाद सतना से डॉग स्क्वाॅड बुलाया गया। प्रशिक्षित डॉग स्पार्टन की मदद से वन अमले ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
तालाब किनारे मिला था मृत तेंदुआ
गुरुवार को बीट देवरी में तालाब के किनारे एक तेंदुआ मृत मिला था। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में तेंदुए की मौत सामान्य नहीं होने के संकेत मिले। आशंका जताई गई कि शिकार के लिए लगाए गए क्लच वायर के फंदे में फंसने से उसकी मौत हुई।
मामले की जांच के लिए वन मंडल सतना से डॉग स्क्वाॅड बुलाया गया। घटनास्थल पर प्रशिक्षित डॉग स्पार्टन ने मृत तेंदुए को सूंघने के बाद आसपास तलाश शुरू की।
300 मीटर दूर मिला क्लच वायर का फंदा
स्पार्टन करीब 300 मीटर तक आगे बढ़ने के बाद एक खेत की बाड़ी के पास जाकर रुक गया। वन अमले ने जब वहां बारीकी से सर्चिंग की तो जमीन पर क्लच वायर का फंदा और तेंदुए के बाल मिले।
मौके से मिले इन साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया आशंका सामने आई कि तेंदुआ इसी फंदे में फंसकर मरा था। जांच में यह भी सामने आया कि तेंदुए की मौत के बाद उसके शव को घटनास्थल से उठाकर करीब 300 मीटर दूर तालाब के किनारे फेंका गया था। वन विभाग को आशंका है कि शव को दूसरी जगह डालकर मौत की वास्तविक वजह छिपाने की कोशिश की गई।
दोबारा सेंट कराए जाने पर 600 मीटर दूर पहुंचा स्पार्टन
इसके बाद वन अमले ने डॉग स्पार्टन को एक बार फिर मृत तेंदुए के स्थान से सेंट कराया। इस बार भी स्पार्टन बिना रुके एक दिशा में आगे बढ़ता गया और करीब 600 मीटर दूर एक खेत तक पहुंचा।
यहां डॉग ने तीन लोगों की ओर संकेत किया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
तीनों संदिग्धों से पूछताछ जारी
वन विभाग की टीम अब क्लच वायर के फंदे, तेंदुए के बाल और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
वन विभाग के स्तर पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। तेंदुए की मौत के पीछे की पूरी वजह और इसमें संदिग्धों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।