रीवा। डिजिटल डेस्क
रीवा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत गांजा तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी है। चोरहटा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बीटीएल तिराहा पर चेकिंग के दौरान दो फोर व्हीलर वाहनों को रोककर तलाशी ली। दोनों वाहनों से तीन बोरियों में रखा 62 किलो 388 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले में शहडोल जिले के एक ही गांव के रहने वाले छह युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
बीटीएल तिराहा पर चेकिंग में पकड़ी खेप
एडिशनल एसपी भावना मरावी ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत सीएसपी डॉ. रितु उपाध्याय के नेतृत्व में चोरहटा थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बीटीएल तिराहा पर चेकिंग लगाई थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बताए गए दोनों वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन बोरियों में गांजा मिला। वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा 62 किलो 388 ग्राम निकली। पुलिस ने गांजा बरामद कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गांजे की कीमत 9 लाख 35 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 9 लाख 35 हजार 820 रुपये है। आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों फोर व्हीलर वाहनों को भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक गांजा, मोबाइल और दोनों वाहनों समेत जब्ती की कुल कीमत 22 लाख रुपये से अधिक है।
सभी आरोपी एक ही गांव के रहने वाले
चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपी शहडोल जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र के हथगला गांव के रहने वाले हैं। इनमें शिवेंद्र उर्फ यशू महरा पिता नत्थू (26), विनीत उर्फ ओंकार चौधरी पिता नंदलाल (36), सोहन उर्फ गुड्डू बैगा पिता जीतलाल (35), नीरज महरा पिता बिहारी (26), सनत उर्फ गुड्डू सिंह कर्चुली पिता सुरेंद्र (42) और कमलेश उर्फ भोला महरा पिता नंदलाल (30) शामिल हैं। सभी आरोपी हथगला, थाना बुढ़ार, जिला शहडोल के निवासी बताए गए हैं।
शहडोल से रीवा लाई गई थी गांजे की खेप
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गांजे की यह खेप शहडोल से रीवा लाई गई थी। आरोपियों से पूछताछ के दौरान अवैध कारोबार से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।