रीवा में कुछ स्कूली छात्राओं की मासूम गुहार ने प्रशासन को तत्काल हरकत में ला दिया। कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं छात्राओं ने स्कूल जाने के रास्ते की समस्या बताई तो कलेक्टर ने बिना देर किए अधिकारियों को मौके पर भेजने के निर्देश दे दिए। रीवा जिले के मनगवां क्षेत्र के देवगांव से परिजनों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं स्कूली छात्राओं ने स्कूल आने-जाने में हो रही परेशानी को लेकर अपनी बात रखी। छात्राओं ने कलेक्टर से कहा, ‘कलेक्टर अंकल, हमारे स्कूल जाने के लिए रास्ता नहीं है।‘ छात्राओं की यह बात सुनते ही कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
कलेक्टर ने मौके से ही अधिकारियों को दिए निर्देश
कलेक्टर ने तत्काल एसडीएम को फोन कर निर्देश दिए कि तहसीलदार और पटवारी को उसी दिन मौके पर भेजा जाए। उन्होंने रास्ते की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर शाम तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि मामले की जांच में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और छात्राओं की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
छात्राओं के चेहरे पर लौटी उम्मीद
कलेक्टर की त्वरित कार्रवाई से छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उम्मीद साफ दिखाई दी। उन्हें भरोसा मिला कि उनकी समस्या का जल्द समाधान हो सकेगा।
स्थानीय लोगों ने की सराहना
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी कलेक्टर की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय की सराहना की। लोगों का कहना है कि आम नागरिकों, खासकर बच्चों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना प्रशासन की सकारात्मक कार्यशैली को दर्शाता है।