सतना जिले के बिरसिंहपुर बाजार में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने व्यापारियों के साथ-साथ पुलिस को भी हैरान कर दिया। चोर सिर्फ नकदी और सामान ही नहीं ले गए, बल्कि होटल में बैठकर रसगुल्लों की दावत भी उड़ाई और खाली पैकेट मौके पर छोड़ गए।
बिरसिंहपुर बाजार में एक साथ चार दुकानों पर धावा
सतना जिले के सभापुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर बाजार में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक साथ चार दुकानों को निशाना बनाया। बदमाशों ने नकदी और सामान चोरी करने के साथ ऐसी हरकत की, जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।
गुरुवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले और चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही सभापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
होटल से नकदी, मैदा और रसगुल्ले ले गए
पुलिस के अनुसार बदमाश सबसे पहले बस स्टैंड के पास स्थित मुकेश हलवाई की पान दुकान में घुसे। यहां से गुटखा, सिगरेट और करीब 3,900 रुपये नकद चोरी कर लिए।
इसके बाद चोर पास के रन्नू होटल में पहुंचे, जहां से 650 रुपये नकद, दो पैकेट छेना के रसगुल्ले और दो बोरी मैदा लेकर चले गए। खास बात यह रही कि भागने से पहले बदमाशों ने होटल के अंदर ही रसगुल्लों की दावत उड़ाई और खाली पैकेट वहीं छोड़ दिए।
दो अन्य दुकानों के ताले भी तोड़ने की कोशिश
चोरों ने इसके बाद मुन्नू चौरसिया की पान दुकान और एक अन्य व्यापारी की दुकान के ताले तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। माना जा रहा है कि किसी की आहट मिलने या अन्य कारणों से बदमाश वहां से भाग निकले।
सुबह मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। पीड़ित दुकानदारों ने सभापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
एक ही रात में लगातार कई दुकानों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।