150 CCTV फुटेज खंगालकर केरल तक पहुंची सिवनी पुलिस, 5 लाख की लूट का खुलासा

सिवनी। डिजिटल डेस्क

लखनादौन के मढ़ई गांव के पास नेशनल हाईवे पर कार सवार दो कर्मचारियों से हुई पांच लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक वारदात को केरल की एक गैंग ने अंजाम दिया था। करीब 150 सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद पुलिस टीम केरल के त्रिशूर जिले तक पहुंची और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले का कथित मास्टरमाइंड सलीश केवी अभी फरार है।

31 अगस्त की रात कार रोककर की गई थी लूट

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की रात लखनादौन क्षेत्र में जबलपुर के खिलौना कारोबारी के कर्मचारी संगताराम और जेठाराम कार से जा रहे थे। मढ़ई गांव के पास दूसरी कार में सवार लोगों ने उनकी कार को रोककर मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

कर्मचारी जान बचाकर मौके से भाग गए। कुछ समय बाद जब वे वापस लौटे तो कार में रखा पांच लाख रुपये से भरा बैग गायब था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पहले रैकी, फिर कार को घेरकर वारदात

पुलिस की जांच के मुताबिक आरोपियों ने वारदात से पहले कार की रैकी की थी। जैसे ही संगताराम और जेठाराम की इनोवा कार क्रमांक एमएच 04 सीजे 8534 मढ़ई गांव के पास पहुंची, आरोपियों ने अपनी कार सामने अड़ा दी और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

कर्मचारियों ने वहां से निकलने के लिए कार को यूटर्न करने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने दूसरी कार केएल 4 एन 9241 से उनकी कार को टक्कर मार दी। घबराकर दोनों कर्मचारी वहां से भाग गए। बाद में लौटने पर कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब मिला।

150 CCTV फुटेज से केरल तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पुलिस टीम ने सिवनी से लेकर वारदात के संभावित रूट तक करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को वारदात के तार केरल से जुड़े होने के संकेत मिले।

इसके बाद पुलिस टीम केरल रवाना हुई और त्रिशूर जिले में आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने नजारिकाडन निवासी प्रवीण पिता प्रकाशन (33), कल्लीवलप्पि निवासी जिजो केजे पिता जॉन (38) और पोवाथिकारा निवासी अरुण पीसी पिता चंद्रन (31) को गिरफ्तार किया।

तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनादौन लाया गया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है।

पुलिस ने बदला भेष, आरोपियों के घर तक पहुंची

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लखनादौन और आदेगांव पुलिस की टीम ने स्थानीय स्तर पर भेष बदलकर भी जांच की। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय पहनावे का इस्तेमाल करते हुए आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई और उनके ठिकाने तक पहुंची।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। अरुण के खिलाफ आठ, प्रवीण के खिलाफ चार और जिजो के खिलाफ चार मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें मारपीट, हथियार अधिनियम, धमकी, वाहन संबंधी अपराध और केरल पुलिस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं।

मास्टरमाइंड सलीश केवी की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक इस वारदात का मास्टरमाइंड सलीश केवी है। उसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और लूट की रकम के संबंध में भी जांच की जा रही है। शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी कृष्ण लालचंदानी ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *