सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र के अबेर गांव में 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रताप सिंह (21) निवासी चैनपुरिया, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह गांव में अन्य मजदूरों के साथ धान की रोपाई के लिए करीब 13 दिन पहले आया था और मृतका के घर के पास किराए के कमरे में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
कैसे हुई वारदात
पुलिस जांच के मुताबिक, 2 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे किशोरी शौच के लिए घर से निकली थी। आरोपी ने उसका पीछा किया और घर से करीब 100 मीटर दूर खेत की मेड़ पर उसे पकड़ लिया।
आरोपी ने किशोरी के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने और शोर मचाने पर उसने किशोरी का मुंह दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसकी ही सलवार से गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार होकर अपने कमरे में लौट आया।
CCTV फुटेज बना सबसे बड़ा सबूत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गईं। जांच में कोटर थाना पुलिस, रामपुर बघेलान, सभापुर थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम, साइबर सेल और डॉग स्क्वॉड को लगाया गया।
जांच के दौरान मृतका के घर के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में आरोपी किशोरी का पीछा करता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
भागने की तैयारी में था आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और उसके साथ आए अन्य मजदूरों को रविवार को ही उत्तर प्रदेश लौटना था। वे सतना रेलवे स्टेशन से सुबह करीब 11 बजे की ट्रेन पकड़ने वाले थे। यदि पुलिस समय रहते सक्रिय नहीं होती, तो आरोपी प्रदेश छोड़कर फरार हो सकता था।
मेडिकल और डीएनए जांच
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद देर रात उसे जिला अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने डीएनए जांच के लिए उसके रक्त के नमूने भी एकत्र किए हैं। मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है।
क्या था पूरा मामला
रविवार सुबह अबेर गांव में घर से करीब 100 मीटर दूर खेत की मेड़ के पास झाड़ियों में किशोरी का शव मिला था। उसके गले में सलवार फंदे की तरह बंधी हुई थी। शरीर पर चोटों के निशान थे और दुष्कर्म की आशंका के संकेत भी मिले थे।
मृतका के पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। वह अपनी मां और बड़े भाई के साथ रहती थी तथा सरकारी स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा थी। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया था। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सतना-सेमरिया मार्ग पर लगभग सात घंटे तक चक्काजाम किया था। बाद में पुलिस के आश्वासन और कार्रवाई के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पुलिस का कहना
पुलिस का कहना है कि मामले में प्रारंभिक जांच, फोरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और आरोपी के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई है। आगे डीएनए रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर न्यायालय में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: शौच के लिए निकली 14 वर्षीय बच्ची का अर्धनग्न शव मिला, गांव में आक्रोश